चित्रकूट जिले की मंदाकिनी नदी में आई भीषण बाढ़ की मार सिर्फ घरों और दुकानों पर ही नहीं, सरकारी दफ्तरों पर भी पड़ी है। नगर परिषद चित्रकूट की कई महत्वपूर्ण फाइलें बाढ़ के पानी में डूबकर खराब हो गई हैं। अब ये फाइलें सूर्य भगवान और बिजली विभाग के रहमो-करम पर हैं। बाढ़ का पानी नगर परिषद कार्यालय में भी घुस गया था, जिससे रिकॉर्ड रूम में रखी जन्म-मृत्यु, संपत्ति कर, निर्माण और टेंडर से जुड़ी फाइलें पानी में भीग गईं।
पानी उतरने के बाद अब कर्मचारियों ने इन फाइलों को कार्यालय की छत और परिसर में फैलाकर सुखाना शुरू किया है। कहीं धूप में फाइलें सुखाई जा रही हैं, तो कहीं कमरों में पंखे चलाकर उन्हें बचाने की कोशिश हो रही है। कर्मचारियों का कहना है कि कई फाइलों की स्याही फैल गई है और कागज आपस में चिपक गए हैं। इससे आने वाले दिनों में लोगों के काम में दिक्कत आ सकती है।