खुलेआम धड़ल्ले से कानपुर की बाजारों में बिक रहे ये चाइनीज पटाखे
- फोटो : ओपी वाधवानी
कानपुर की पटाखा बाजारों में जिला प्रशासन के आदेशों का उल्लंघन करते हुए खुलेआम चाइनीज पटाखे बेचे जा रहे हैं। रोक के बावजूद मोटा मुनाफा कमाने की होड़ में इन पटाखों की धड़ल्ले से बिक्री की जा रही है। गोविन्द नगर, परेड, शास्त्री नगर की पटाखा बाजारों में दुकानदार चोरी छिपे चाइनीज पटाखे लोगों को सामने पेश कर रहे हैं।
यूपी का शायद ही कोई जिला ऐसा होगा जहां पर चाइनीज सामानों के विरोध में प्रदर्शन न हुआ हो लेकिन कानपुर जिला प्रशासन ने एक कदम आगे बढ़कर चाइनीज पटाखों की बिक्री पर रोक लगा दी थी।
कानपुर के एडीएम अविनाश सिंह ने इसी आदेश के आधार पर सभी थानेदारों को बाकायदा एक लेटर जारी कर चाइनीज पटाखों की बिक्री रोकने का आदेश एक सप्ताह पहले दिया था। मुनाफा कमाने की होड़ में चाइनीज पटाखे कानपुर की पटाखा बाजारों में धड़ल्ले से बेचे जा रहे हैं। अब देखना यह है कि पुलिस अपना छापेमारी अभियान कब शुरू करेगी और कब ऐसे पटाखा विक्रेताओं को सजा मिलेगी जो जिला प्रशासन की नाक के नीचे अपराध कर रहे हैं।