कानपुर में गुरुदेव चौराहे के पास शारदा नगर क्यू-ब्लॉक में नशेबाज रईसजादे ने रविवार दोपहर सड़क पर कार दौड़ा दी। अनियंत्रित कार ने सड़क पर दो साल के मासूम को टक्कर मार कर भागने का प्रयास किया। इस बीच भीड़ ने कार चालक को पकड़ कर जमकर पीटा।
कार में तोड़फोड़ कर दी। इस बीच मौका पाकर चालक भाग निकला। परिजनों ने बच्चे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। इलाके में रहने वाले प्राइवेट कर्मी राघवेंद्र सिंह राठौर के अनुसार वह घर के बाहर खड़े थे। तभी उनका दो साल का बेटा लड्डू भी उनके पीछे आ गया।
वह कुछ समझ पाते कि बच्चा घर के सामने से निकली रोड की तरफ बढ़ गया। तभी नौ नंबर क्रासिंग की ओर आ रही तेज रफ्तार हांडा एसेंट कार ने बच्चे को उड़ा दिया। टक्कर से बच्चा उछल कर करीब पांच फीट दूर गिरा, जिससे उसके चेहरे, हाथ, पैर में गंभीर चोट आ गईं।