माधौगंज-बघौली के लिए स्वतंत्र फीडर की जरूरत : अशोक अग्रवाल
विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को बताया कि माधौगंज से बघौली मार्ग पर जो औद्योगिक इकाइयां हैं, उन्हें बिजली भरपूर नहीं मिल पा रही। उन्होंने इसके लिए एक स्वतंत्र फीडर बनवाने की मांग मुख्यमंत्री से की। कुरसठ चौकी को थाना बनाने के प्रस्ताव में गौसगंज क्षेत्र को शामिल न किए जाने की मांग की। जल जीवन मिशन में गांवों में पाइप लाइन डालने के बाद मरम्मत न किए जाने की शिकायत भी उन्होंने की। हरदोई-लखनऊ मार्ग का निर्माण धीमी गति से होने की बात भी एमएलसी ने मुख्यमंत्री से कही।
हरपालपुर को बनवा दीजिए नगर पंचायत : माधवेंद्र प्रताप
सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने मुख्यमंत्री से हरपालपुर को नगर पंचायत घोषित किए जाने की मांग की। सवायजपुर में एक राजकीय डिग्री कॉलेज, हरपालपुर, श्रीमऊ और बरवन में आईटीआई की स्थापना करने की मांग भी की। सवायजपुर में राजकीय पॉलीटेक्निक की स्थापना, मैकपुर, दहेलिया, तिथिगांव, कैखाई, आदि में जूनियर हाईस्कूलों की स्थापना की मांग भी विधायक ने मुख्यमंत्री से की है। इसके अलावा मिनी स्टेडियम व आयुष अस्पताल और फसल अवशेष से बायोगैस बनाने के लिए संयंत्र स्थापित कराने की मांग भी की है।
मांगा सौ बेड का अस्पताल और पावर हाउस : रजनी तिवारी
उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी शाहाबाद से विधायक हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से शाहाबाद में सौ बेड का अस्पताल खोले जाने की मांग की। परेली और दलेलनगर में एक एक विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कराए जाने की मांग भी रजनी तिवारी ने मुख्यमंत्री से की। उन्होंने शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र के 12 मार्गाें का सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण कराए जाने का मांगपत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपा।
सरकारी भूमि से हटे कब्जा, नगर पालिका का हो परिसीमन : अलका अर्कवंशी
संडीला विधायक अलका अर्कवंशी ने अतरौली चौराहा पर सरकारी भूमि से कब्जा हटवाने की मांग की है। आईटीआई और पॉलीटेक्निक का संचालन शुरू कराने, संडीला कस्बे के सरकारी अस्पताल को उच्चीकृत किए जाने, संडीला नगर पालिका का परिसीमन किए जाने, प्रत्येक ग्राम पंचायत में बरात घर का निर्माण कराने, भरावन विकास खंड के ईंट भट्ठों को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। बाबा बाणेश्वर मंदिर से कालिका देवी मंदिर तक सड़क और पौराणिक स्थल को विकसित कराने की मांग भी की है।