कानपुर देहात। जिले में आरओ/एआरओ प्रारंभिक परीक्षा के लिए तैयारी की जा रही है। बुधवार को डीएम आलोक सिंह ने तैयारियाें की समीक्षा की। निर्देश दिया कि परीक्षा से पहले केंद्रों की व्यवस्थाएं जांच लें और खामियां दुरुस्त कराएं।
समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी प्रारंभिक परीक्षा-2023 बीते साल पेपर आउट होने से टल गई थी। अब यह परीक्षा कराने की तिथि तय की गई है। डीएम की बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। डीएम ने कहा कि शुचिता एवं निष्पक्षता से परीक्षा कराई जानी है। सुबह 9ः30 बजे से दोपहर 12ः30 बजे तक परीक्षा होगी। अकबरपुर महाविद्यालय, अकबरपुर इंटर काॅलेज, श्री कृष्ण औद्योगिक इंटर काॅलेज मोहम्मदपुर, श्रीरामस्वरूप ग्रामोद्योग इंटर काॅलेज पुखरायां, विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर काॅलेज पुखरायां व आरपीएस इंटर काॅलेज रूरा केंद्र बनाए गए हैं।
इन केंद्रों पर कुल 2592 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहेगा। नकल रोकने के लिए सीसीटीवी एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था रहेगी। संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। अभ्यर्थियों के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था के निर्देश दिए ताकि जाम की स्थिति न बने। एडीएम प्रशासन अमित कुमार, एएसपी राजेश पांडेय, डीआईओएस ब्रजभूषण चौधरी, लोकसेवा आयोग के नामित पर्यवेक्षक राजेश सिंह, सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य संबंधित अधिकारी रहे।