पिता और भाई को बताया इंस्पेक्टर, नाम बदलने में माहिर
सिपाही जितेंद्र को शिवांगी ने बताया था कि उसके दिवंगत पिता अमन सिंह गौतम पुलिस इंस्पेक्टर थे। भाई भी पुलिस इंस्पेक्टर है, जबकि पड़ताल में सब झूठ निकला। उसके पिता का असली नाम बिहारी है। भाई औरैया में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। शिवांगी नाम बदलने में भी माहिर है। वह किसी को शिवांगी, तो किसी को अपना नाम सविता देवी, पिंकी, गौतम, सविता शास्त्री आदि बताकर मिलती थी।
10 फरवरी 2021 को झांसी में दोनों ने शादी कर ली
झांसी के पूंछ निवासी सिपाही जितेंद्र गौतम फजलगंज थाने में तैनात हैं। 2016 में उनकी दोस्ती झांसी के ही खुशीपुरा की शिवांगी सिसौदिया से फेसबुक पर हुई। 2017 में शिवांगी शहर आई। श्यामनगर के एक होटल में शिवांगी जितेंद्र से मिली और खुद को इनकम टैक्स इंस्पेक्टर बताया। दोनों के बीच मेलजोल बढ़ा और 10 फरवरी 2021 को झांसी में दोनों ने शादी कर ली।
चंदन नाम के शख्स से कार किराये पर खड़ी करवाई
सिपाही जितेंद्र ने बताया कि शिवांगी ने अपनी तैनाती चंडीगढ़ में बताई थी। शादी में दहेज में स्कार्पियो कार देने के लिए उसी से 6.21 लाख रुपये लिए थे। बाद में चेक कैश होने पर वापस करने को कहा था। सगाई में जब कार नहीं आई तो लंबी वेटिंग का बहाना बना दिया। शादी में चंदन नाम के शख्स से कार किराये पर लेकर खड़ी करवा दी।
बेडरूम में दूसरे युवक के साथ मिली शिवांगी
दूसरे दिन चालक कार लेकर चला गया। इसके बाद बतौर पत्नी शिवांगी ने करीब चार लाख रुपये और ले लिए। शादी के बाद जितेंद्र शिवांगी को लेकर नजीराबाद थाना क्षेत्र के रंजीतनगर स्थित एक फ्लैट में रहने लगा। जितेंद्र के अनुसार दो महीने पहले वह ड्यूटी से रात को घर पहुंचा तो बेडरूम में शिवांगी के साथ एक युवक को पाया।
शिवांगी ने उसे रिश्तेदारी का भाई बताया
पूछने पर शिवांगी ने उसे रिश्तेदारी का भाई बताया। शक हुआ, तो उसने छानबीन शुरू की। पता चला कि शिवांगी के साथ घर में मिला युवक झांसी के मऊरानीपुर के रहने वाला उसका प्रेमी सोनू था। यह भी पता चला कि शिवांगी की झांसी के रहने वाले बृजेंद्र से पहले ही शादी हो चुकी थी और उसके दो बच्चे भी हैं, जो उसी के साथ झांसी में रहते हैं।
फर्जी पहचान की दमपर खूब रौब गांठा
पुलिस ने शिवांगी की कुछ तस्वीरें, शादी का एलबम समेत कई दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। एक तस्वीर में वह पुरस्कार में मिली ट्राफी के साथ है, जिसमें सविता देवी, एसआई इनकम टैक्स लिखा है। कुछ समय पहले शिवांगी का फजलगंज में कार टकराने को लेकर एक होटल मालिक से भी विवाद हो चुका है। शिवांगी ने थाने में अपनी फर्जी पहचान की दमपर खूब रौब गांठा था।
सिपाही की तहरीर पर कुकर्म में फंसाने की धमकी देकर पैसा ऐंठने, अमानत में खयानत, धोखाधड़ी और शादीशुदा होते हुए दूसरी शादी करने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर महिला को गिरफ्तार किया गया है। शिवांगी के खुद की नसबंदी करा रखने की बात सामने आई है। इसकी पुष्टि मेडिकल परीक्षण से होगी। शादी में जनाती बनकर आए लोग के रैकेट में शामिल होने की आशंका है। -संतोष सिंह, एसीपी, स्वरूपनगर