कानपुर। महाठग रवींद्रनाथ सोनी के खिलाफ दर्ज 24 मामलों में से सात की चार्जशीट कोतवाली पुलिस ने तैयार कर ली है। इसे अगले सप्ताह दाखिल किया जाएगा। इनमें व्हाट्सएप चैट, निवेश की गई रकम के बैंक स्टेटमेंट, ऑडियो रिकॉर्डिंग को साक्ष्य बनाया है। वहीं, पांच मामलों में पुलिस ने कोर्ट में 2500 पेज की चार्जशीट दाखिल की है।
कोतवाली इंस्पेक्टर जगदीश पांडेय ने बताया कि नौ दिसंबर को भदोही के अमोली निवासी प्रदीप कुमार सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने 15 नवंबर 2023 को रवींद्रनाथ सोनी की कंपनी में करीब 22 लाख रुपये निवेश किए थे। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उन्हें फर्जीवाड़े की जानकारी होने पर उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई। यूएई में रहने वाले गोरखपुर के शिवपुर शहबाजगंज निवासी धीरेंद्र प्रताप सिंह को रविंद्र ने निवेश पर करीब 40 फीसदी मुनाफे का झांसा दिया था। उन्होंने 50 लाख से ज्यादा की रकम गंवाने के बाद 15 दिसंबर को कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसी दिन हरियाणा के धारूहेड़़ा निवासी दीपक कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होेंने सोनी की कंपनी में 26.50 लाख का निवेश किया था। दुबई निवासी राजीव शास्त्री ने 60 हजार डॉलर, संदीप पांडेय ने 25 लाख रुपये और जगदीश कुमार गहलोत ने लाखों के निवेश के बाद ठगी का अहसास होने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं, लखनऊ कैंट निवासी नेहा सक्सेना उसकी कंपनी में रिलेशनशिप मैनेजर थीं। उन्होंने भी 1500 डॉलर की ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इंस्पेक्टर के अनुसार सभी मामलों में विवेचना पूरी हाे गई है। अगले सप्ताह कोर्ट में सात मामलों की चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी।