कानपुर। केंद्रीय विद्यालय आईआईटी कानपुर में चल रही 55वीं केंद्रीय विद्यालय संगठन राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता के तीसरे दिन शनिवार को अंडर-14 और 17 बास्केटबॉल मुकाबले हुए। अंडर-14 वर्ग में चंडीगढ़ और भोपाल की टीमों ने दो-दो मुकाबले और अंडर 17 में एक-एक मैच जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
अंडर-14 में चंडीगढ़ ने हैदराबाद को 47-33 से, भोपाल ने देहरादून को 30-0 से, चेन्नई ने जम्मू को 25-19 और वाराणसी ने बेंगलुरु को 17-15 से हराया। दिल्ली ने एर्नाकुलम को 34-8 और गुरुग्राम ने आगरा को 42-28 से शिकस्त दी। चंडीगढ़ ने दिल्ली, जबकि जयपुर ने आगरा को पराजित किया। लंच के बाद जम्मू ने रांची को 19-13, बंगलूरू ने जबलपुर को 21-20 और भोपाल ने वाराणसी को 25-22 से मात दी। अंडर-17 में चंडीगढ़ ने कोलकाता को 59-24 से हराया। मुंबई ने लखनऊ को 38-36 से, जबलपुर ने अहमदाबाद को 39-16 और भोपाल ने एर्नाकुलम को 35-31 से पराजित किया।
प्रतियोगिता के तकनीकी पक्ष की निगरानी केवीएस मुख्यालय नई दिल्ली के तकनीकी पर्यवेक्षक डॉ. अभय सिंह राठौर ने की। मुख्य निर्णायक एवं बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के वीरेंद्र विक्रम सिंह के मार्गदर्शन में मुकाबले कराए गए। इस दौरान संतोष कुमार मौर्य, वंदना सिंह राठौर, डॉ. अनवर अली और अमित कनौजिया मौजूद रहे।