कानपुर देहात। केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर हो रहे विरोध पर केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर जुबानी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना युवाओं के भविष्य को नया आयाम देगी। इसको लेकर विपक्ष युवाओं के कंधे पर बंदूक रखकर चला रहा है।
माती स्थित भाजपा कार्यालय में पदाधिकारियों के साथ बैठक करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियां नवयुवकों को भ्रमित कर रही हैं। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वह किसी के बहकावे में न आएं, इससे भविष्य खराब हो सकता है।
अग्निपथ योजना में 25 फीसदी जवानों को सेना में स्थायी करने और बाकी को राज्य सरकार की नौकरी व अन्य क्षेत्रों में वरीयता देने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की हर योजना का विरोध करने का फैशन बना लिया गया है।
इससे पहले मंत्री का कार्यकर्ताओं ने रायपुर में स्वागत किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष व एमएलसी अविनाश सिंह चौहान, विधायक पूनम संखवार, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश तिवारी, बंसलाल कटियार, रामजी गुप्ता, बबलू कटियार, रामजी मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख अतुल सिंह चंदेल, रामनरेश भदौरिया, मीडिया प्रभारी विकास मिश्रा मौजूद रहे।
अखंड परमधाम आश्रम में गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
मूसानगर। अखंड परमधाम आश्रम पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सरकार की आठ साल की उपलब्धियों को गिनाते हुए विकास की योजनाओं को बताया। कहा कि मोदी सरकार ने विदेश नीति, गरीब कल्याण, कृषि योजना से लेकर सभी क्षेत्रों में चौमुखी विकास किया है।
कोरोना काल में देश के हालात को सरकार ने अच्छे से संभाला और सभी नागरिकों का ख्याल रखा। उन्होंने कहा कि रुस-यूक्रेन के युद्ध में भी भारतवासी का सम्मान सरकार ने बरकरार रखा। भारतीय लोगों को विदेश से सकुशल बुलाया गया। प्रत्येक गरीब परिवार को आवास देने का काम हमारी सरकार ने किया।
यहां उन्होंने विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान महिला स्वावलंबन पर जिला मिशन अधिकारी योगेंद्र सिंह उत्तर नहीं दे सके तो उन्होंने फटकार लगाई। अखंड परमधाम आश्रम पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने प्रतीक चिह्न देकर स्वागत किया।