देश के सर्वश्रेष्ठ प्रबंधन संस्थानों में दाखिले के लिए होने वाले कॉमन एप्टीट्यूट टेस्ट (कैट) 2019 का शेड्यूल रविवार को जारी कर दिया गया। इस बार यह परीक्षा 24 नवंबर को देश भर में आयोजित की जाएगी। परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड होगी।
इसके लिए सात अगस्त की सुबह दस बजे से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। 18 सितंबर को शाम पांच बजे तक आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक छात्र-छात्राएं वेबसाइट iimcat.ac.in पर आवेदन कर सकते हैं। 23 अक्तूबर से 24 नवंबर तक आवेदक प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
परीक्षा परिणाम जनवरी के दूसरे सप्ताह में घोषित किया जाएगा। इस परीक्षा के जरिये देश भर के सभी भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), आईआईटी, एनआईटी व अन्य उच्च स्तरीय प्रबंधन संस्थानों के एमबीए पाठ्यक्रम में दाखिला मिलता है। कानपुर आईआईटी में भी छात्रों को कैट स्कोर के आधार पर ही एडमिशन मिलता है।
रजिस्ट्रेशन शुल्क
अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग : 950 रुपये
अन्य सभी श्रेणी के उम्मीदवार : 1900 रुपये
परीक्षा केंद्र : कानपुर, लखनऊ, सहित देश भर के 156 शहरों में केंद्र निर्धारित किए जाएंगे। उम्मीदवारों को अपनी प्राथमिकता के अनुसार किन्हीं चार शहरों का चयन करने का विकल्प दिया जाएगा।
इन आईआईएम में मिलेगा दाखिला
अहमदाबाद, अमृतसर, बंगलूरू, बोधगया, लखनऊ, कोलकाता, इंदौर, जम्मू, काशीपुर, नागपुर, रायपुर, रांची, रोहतक, संबलपुर, शिलांग, सिरमौर, तिरुचिरापल्ली, उदयपुर और विशाखापट्टनम।