यूपी के जालौन जिले में हाईवे पर गुरुवार को घायल हालत में मिली शादीशुदा एएनएम छात्रा और उससे कुछ दूरी पर मिले युवक के शव के मामले में शुक्रवार को युवक के परिजनों ने युवती के मायके वालों और ससुरालियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाल सुधाकर मिश्रा का कहना है कि फिलहाल छात्रा की हालत बेहद गंभीर है और उसका इलाज ग्वालियर के अस्पताल में चल रहा है। फिर भी हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। बता दें कि गुरुवार की शाम आटा क्षेत्र के अजनारा रोड पर कार सवार कुछ लोग एएनएम का कोर्स कर रही छात्रा भावना पुत्री दिनेश को सड़क पर फेंक गए थे।
गंभीर हालत में घायल भावना को लेकर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची ही थी कि उससे कुछ दूरी पर उरई कोतवाली क्षेत्र में धरगुंवा के पास एक युवक का शव भी मिला। उसके पास भावना की स्कूटी और मोबाइल भी था।