कानपुर में तीन लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किए गए पीएफ इंस्पेक्टर प्रवर्तन अधिकारी अमित श्रीवास्तव को विभाग ने बुधवार को सस्पेंड कर दिया। साथ ही विभाग ने विजिलेंस जांच भी शुरू कर दी है। आरोपी से जुड़ी सारी जानकारी केंद्रीय कार्यालय ने मांगी है। जल्द ही केंद्रीय टीम के सदस्य शहर स्थित कार्यालय में छानबीन करेंगे।
सोमवार को सीबीआई ने सर्वोदय नगर स्थित क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त कार्यालय में छापा मारकर पीएफ इंस्पेक्टर अमित श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया था। आरोपी एक कंसल्टेंट के जरिये रिश्वत ले रहा था। हालांकि बाद में जांच-पड़ताल के बाद कंसल्टेंट को छोड़ दिया था। विभागीय जांच में आरोपी की सभी संपत्तियों की भी जांच कराई जाएगी। सीबीआई को आरोपी के घर से कई प्रॉपर्टी के दस्तावेज मिले थे। जो कुछ समय पहले ही खरीदी गई हैं। विभागीय जांच में देखा जाएगा कि अब तक कितने मामलों को आरोपी देख चुका है और मौजूदा समय में देख रहा था।