पीड़िता के बयान के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। चार टीमें अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। इसी बीच मंगलवार रात एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें छात्रा एक युवक के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह करती दिखाई दे रही है। युवक उसकी मांग में सिंदूर भी भर रहा है। यह वीडियो प्रयागराज आर्य संस्कार समाज भवन का बताया जा रहा है।
वीडियो में शादी करा रहे पंडित छात्रा से पूछ रहे हैं कि उस पर किसी प्रकार का दबाव तो नहीं है, वह अपनी मर्जी से ही शादी कर रही है न। तब युवती परिवार की असहमति के कारण घर छोड़ने की बात कह रही है। सोशल मीडिया में एक मैरिज सर्टिफिकेट भी सामने आया है। इस पर दोनों के हस्ताक्षर हैं। शादी का वीडियो व मैरिज सर्टिफिकेट सामने आने के बाद पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस उससे दुबारा पूछताछ करेगी। फिलहाल युवती अपने परिवार के साथ है।
शादी करके दोनों ने हाईकोर्ट में लगाई थी सुरक्षा की गुहार
अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह का कहना है कि छतरपुर की एक महिला ने अपनी बेटी के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस टीमों ने छात्रा को सकुशल बरामद किया। पीड़िता के न्यायालय में बयान के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया था। बयान के आधार पर अपहरण के मामले में धाराओं में वृद्धि की गई है। तीन लोगों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में कुछ नए तथ्य प्रकाश में आए हैं। सोशल मीडिया में एक वीडियो सामने आया है जो युवती और नामित अभियुक्त के विवाह का है। इसमें स्वेच्छा से विवाह किए जाने जैसे तथ्य दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा युवती व युवक ने हाईकोर्ट में संयुक्त याचिका भी डाली है। इसमें स्वेच्छा से विवाह किए जाने और अपने परिजनों से सुरक्षा की मांग की गई है। इन सभी नए तथ्यों पर भी गहनता से विवेचना कराई जा रही है। सच्चाई सामने आने पर उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया में एक वीडियो सामने आया है। जो अपहृता और नामित अभियुक्त के विवाह का वीडियो है। जिसमें स्वेच्छा से विवाह किए जाने जैसे तथ्य दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा अपहृता व आरोपी युवक ने हाईकोर्ट में संयुक्त याचिका डाली है। जिसमें स्वेच्छा से विवाह किए जाने और अपने परिजनों से सुरक्षा दिए जाने जैसे तथ्य अंकित किए गए हैं। सभी नए तथ्यों पर भी गहनता से विवेचना कराई जा रही है। जो भी तथ्य पाए जाएंगे, उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।- शशांक सिंह, पुलिस अधीक्षक