कल्याणपुर के आवास-विकास तीन निवासी वृद्धा को उसके बेटे-बहू ने पीटकर धक्के मार कर निकाल दिया। मजबूर वृद्धा किराये के मकान में रहने लगी। इस दौरान वह अपने घर पर रखे बर्तन लेने पहुंची तो आरोपी बहू-बेटे ने फिर से मारपीट की। मां ने बेटे-बहु पर कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ईडब्ल्यूएस कॉलोनी निवासी फूलमती ने बताया कि पति के निधन के बाद वह बेटे सूरज और बहू आरती के साथ रह रही थीं। हालांकि, बाद में बेटे-बहू का बर्ताव बदल गया। शुरुआत में गालीगलौज के बाद मारपीट करने लगे। आरोप है कि बेटे-बहू ने वृद्धा को उसके ही घर से निकाल दिया जिसके चलते वह किराये के घर पर रहने को मजबूर हो गई।
वृद्धा के मुताबिक बीती 13 मई की शाम सात बजे वह अपने घर में रखे कुछ बर्तन लेने गई थीं लेकिन बेटे-बहु ने धक्का मारकर भगा दिया। आरोप है कि रात करीब 10 बजे बेटा-बहू उसके किराये के मकान में पहुंचे और लाठी-डंडों से पीटा जिससे उसके शरीर पर कई चोटें आईं। विरोध पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। कल्याणपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि वृद्धा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।