कानपुर: न्यायालय भवन के द्वितीय तल पर कोर्ट के बाहर देवर पर चिली स्प्रे डालने के मामले में एक और एफआईआर दर्ज हुई है। कोतवाली पुलिस ने प्रापर्टी के लेकर झगड़ा करने वाले अधिवक्ता अविनाश मिश्रा और उनकी भाभी इंदू के खिलाफ कचहरी परिसर में मारपीट करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत कई अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों पर सेवन सीएलए भी लगा है।
शिवाला निवासी पंकज मिश्रा का छोटे भाई अधिवक्ता अविनाश से पैतृक प्रापर्टी के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। मामला एमएम-सात की कोर्ट में विचाराधीन है। चार सितंबर को पेशी के बाद कोर्ट से बाहर आने पर पंकज की पत्नी इंदू और अविनाश के बीच विवाद हो गया। इंदू के स्प्रे चलाने से अफरा-तफरी मच गई थी। कोर्ट का कामकाज भी प्रभावित हुआ था। इस मामले में अधिवक्ता अविनाश की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज आरोपी इंदू को जेल भेज दिया था। शनिवार को कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने इंदू और अविनाश मिश्रा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।