कानपुर में महाराजपुर में युवक का नग्न वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले का डीजीपी ने संज्ञान लिया है। रविवार को उन्होंने आईजी रेंज को जांच के निर्देश दिए हैं। इसके कुछ ही देर बाद एसपी आउटर ने वीडियो बनाने वाले सिपाही धर्मेश सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है।
आईजी रेंज प्रशांत कुमार जांच करेंगे कि आखिर पूरे मामले की सच्चाई क्या है। किन-किन लोगों ने वीडियो बनाया और वायरल किया। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। फीलखाना निवासी शख्स बुधवार रात महाराजपुर स्थित पिता की फैक्टरी पहुंचा था।
पुलिस के मुताबिक वह शराब के नशे में धुत था। इस दौरान वह दूसरी फैक्टरी में घुस गया था। यहां आग लगा दी थी। इसके बाद पुलिस पहुंची। युवक का आरोप है कि पुलिस ने मारपीट कर उसको नग्न किया। इसके बाद वीडियो वायरल किया। रविवार शहर आए डीजीपी से मामले की शिकायत की गई।
वीडियो में खुद कपड़े फाड़ते दिखा युवक
युवक के दो अन्य वीडियो भी वायरल हुए हैं। इनमें युवक खुद अपने कपड़े फाड़ते दिख रहा है। कहा जा रहा कि वह इतना नशे में था कि उसे कुछ समझ ही नहीं आ रहा था कि क्या कर रहा है। हालांकि वीडियो बनाकर वायरल करना गंभीर मामला है। इसलिए जांच बैठाई गई है।