चकेरी के अहिरवां हाईवे पुल पर जलभराव के चलते मंगलवार को एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। डिवाइडर से टकराकर पलटी इस कार में सवार छह दोस्तों को गंभीर हाल में हैलट में भर्ती कराया गया है। ये सभी शादी समारोह के लिए नर्वल से दूध लेकर नौबस्ता स्थित गेस्ट हाउस लौट रहे थे।
जूही बंबुरिया निवासी डब्बू यादव की बहन की शादी के लिए नौबस्ता का माया गेस्ट हाउस बुक कराया गया था। सुबह दूध लेने के लिए डब्बू के दोस्त जूही बंबुरिया के गौरव, अंशू, अनुराग, राहुल, सौरभ और संजय कार से नर्वल गए थे। दूध लेने के बाद उन्होंने नर्वल के दोस्त धर्मेंद्र को भी कार में बैठा लिया।
अहिरवां हाईवे पुल पर बगल से तेजरफ्तार स्कार्पियो पानी के छींटे मारते हुए गुजरी। संजय कार चला रहा था। छींटे उसकी आंखों में चले गए। इससे वह स्टीयरिंग से नियंत्रण खो बैठा। पल भर में ही कार डिवाइडर से जा टकराई। जोरदार आवाज हुई और कार पलट गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची। कार सवारों को बाहर निकालकर पुलिस ने कांशीराम ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां से सभी को हैलट रेफर कर दिया गया।
सड़क हादसे में एक की मौत, साथी घायल
कानपुर साउथ। नौबस्ता के गल्ला मंडी के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार सीढ़ी इटारा निवासी जगरूप (35) की मौत हो गई। उसका साथी योगेंद्र घायल हो गया। योगेंद्र ने बताया कि वे शहर में एक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे।
बाइक की टक्कर से वृद्ध की मौत
कानपुर साउथ। बर्रा गुजैनी हाईवे पर सड़क पार कर रहे वृद्ध गिरधारी लाल (77) की बाइक की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।