कन्नौज के छिबरामऊ में एक कार को क्षतिग्रस्त करने के बाद मोहम्मदाबाद की तरफ जा रहे शव वाहन को करनौली चौकी इंचार्ज ने रोकने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन को रोकने के बजाय उनके ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया। चौकी इंचार्ज बाल-बाल बच गए।
चौकी इंचार्ज ने प्राइवेट वाहन से शव वाहन का पीछा किया। चालक वाहन लेकर भाग गया। अभी तहरीर नहीं दी गई है। मंगलवार देर रात करनौली चौकी इंचार्ज श्यामपाल सिंह को कोतवाली से सूचना दी गई कि शव वाहन ताजपुर रोड पर खड़ी इंडिगो कार को टक्कर मारकर मोहम्मदाबाद की तरफ भाग रहा है।
चौकी इंचार्ज श्यामपाल सिंह ने बताया कि शव वाहन को रोकने के लिए वह सिपाहियों के साथ सड़क पर आ गए। सामने से आ रहे शव वाहन को उन्होंने रुकने के लिए इशारा किया। चालक ने वाहन को रोकने की बजाय उन पर चढ़ाने का प्रयास किया। उन्होंने पीछे हटकर जान बचाई।
इसके बाद चालक शव वाहन को लेकर भाग निकला। उन्होंने निजी वाहन से शव वाहन का पीछा किया। चालक ओझल हो गया। शव वाहन नगर पंचायत मोहम्मदाबाद का बताया गया है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हरीशंकर ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं दी गई है। जानकारी मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी