भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की सुबह झांसी हाइवे पर चौरा गांव के
पास एक कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में एक सीमेंट वितरक की मौत हो
गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को कालपी के सामुदायिक स्वास्थ्य
केंद्र ले जाया गया।
उरई निवासी और सीमेंट वितरक अंजनी कुमार(50)
सीमेंट व्यापारी दीपक गुप्ता और इलाहाबाद निवासी सीमेंट कंपनी के सेल्स
ऑफीसर विनय श्रीवास्तव के साथ कार से लखनऊ गए थे। कार भोलू चला रहा था।
लौटते वक्त चौरा गांव के पास उनकी कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराकर पलट
गई।
कोतवाल फरमूद अली पुन्डीर ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने मौके पर
पहुंचकर कार में फंसे लोगों को निकाला। दीपक, विनय और भोलू को एंबुलेंस से
कालपी भिजवाया गया, जबकि अंजनी कुमार को पुखरायां के सामुदायिक स्वास्थ्य
केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शव को पोस्टमार्टम
के लिए भेजा गया है। उरई के पटेल नगर निवासी भाई प्रभात कुमार ने शव की
पहचान की। बताया कि अंजनी कुमार सीमेंट वितरक था। वहीं, विनय कुमार को
कालपी से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल उरई रेफर किया गया है।