मंगलवार दोपहर अचानक आई आंधी-पानी से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। शहर के कई
इलाकों में पेड़ गिर गए, जिससे बिजली संकट छा गया। कुछ देर की बारिश से ही
शहर की सड़कें तालाब सी नजर आने लगीं।
पहले शुरू हुई धूल भरी आंधी से
धड़ाधड़ बिजली के शट डाउन होने लगे। बारिश के साथ कई खंबों में हुई
स्पार्किंग से इलाके अंधेरे में डूबते चले गए।
हैलट समेत कई अस्पतालों में
बिजली न आने पर टॉर्च के जरिए मरीजों को देखा गया। बिल्डिंगों में लगे
साइन बोर्ड, होर्डिंग और बैनर धराशायी हो गए। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और
घरों के टिन शेड तेज हवा में उड़ गए। ककवन में बारिश के साथ-साथ ओले भी
गिरे हैं।
लबालब हुईं सड़कें
साउथ सिटी में शाम के वक्त आंधी और पानी से लोगों का राह चलना दूभर रहा। जगह-जगह सड़कों की खुदाई से निकली मिट्टी ने वाहन चालकों को जमकर छकाया।
गोविंदपुरी पुल के पास हुई खुदाई से निकली मिट्टी कीचड़ बनकर सड़कों में पड़ी रही। साकेतनगर, सांई मंदिर के पास, किदवईनगर चालीस दुकान, योगेंद्र विहार. खाड़ेपुर, हनुमंत विहार, मछरिया, यशोदा नगर, दबौली और गुजैनी आदि इलाकों में घरों के बाहर जलभराव हो गया।
बेमौसम आंधी-पानी से शहर की रफ्तार थम गई। लखनपुर में सुखदेव प्रसाद स्कूल के पास पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया। जूही बसंती नगर मोड के पास ही स्थित हरिहर पार्क मुहाने लगा पेड़ टूटकर लटक गया।
बारिश से जूही खलवा पुल, गोविंद नगर मलिन बस्ती, बेकनगंज, मोतीझील गुरु गोविंद सिंह द्वार, नजीराबाद, गुमटी, परेड के आसपास के अलावा साउथ के कई इलाकों में जलभराव हो गया।
शहर की बिजली लड़खड़ाई
कानपुर। आंधी के बाद शहर के सभी सबस्टेशनों के फीडरों में ब्रेकडाउन और शटडाउन हुआ। कई जगह बिजली के खंभे और तार टूट गए। विद्युत कालोनी केसा का नेटवर्किंग टावर गिर पड़ा।
चमनगंज में 120 फीट ऊंचा मोबाइल टॉवर गिर गया। हालांकि इससे कोई हताहत नहीं हुआ। जूही पुल और कल्याणपुर में बिजली के खंभे और बिठूर में एलटी लाइन पर पेड़ गिरने से पॉवर सप्लाई बंद रही। शहर के सभी स्टेशनों के फीडरों में शाम 3:15 बजे से ब्रेकडाउन हो गया तो कहीं कहीं शटडाउन लेना पड़ा। कुछ इलाकों में देर शाम तक बिजली सामान्य हुई।
जबकि कई फीडरों में देर रात तक काम चलता रहा। उधर, दादा नगर इंडस्ट्रियल एरिया और दबौली समेत साउथ सिटी के कई हिस्सों में सुबह से केबिल फॉल्ट होने से बिजली गुल रही, जिसे देर रात तक सामान्य किया गया। कई इलाकों में बिजली आने के बाद भी लो वोल्टेज की समस्या बनी रही।
नौबस्ता सबस्टेशन के किदवई नगर और बारादेवी फीडर की बिजली शाम 6 बजे तक गुल रही। विश्व बैंक बर्रा, गोविंद नगर फीडर से शाम 5:50 बजे, किदवई नगर के हनुमान मंदिर और 40 दुकान फीडर में शाम 5:52 बजे इलाकों में बिजली कुछ घंटों कटी रही लेकिन कई इलाकों रात 12 बजे तक नहीं आई।