फिरोजाबाद जनपद में थाना खनगढ़ के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर मैनपुरी की अपर जिला जज पूनम त्यागी हादसे का शिकार हो गईं। उन्हें गंभीर हालत में इटावा के सैफई मेडिकल कॉलेज में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसा मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुआ।
विज्ञापन
एक्सप्रेस-वे पर अपर जिला जज की कार आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में अपर जिला जज पूनम त्यागी (42) निवासी राजेंद्र नगर थाना मोदीनगर, जिला गाजियाबाद के साथ ही चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। यूपीडा की एंबुलेंस से दोनों को सैफई मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने महिला जज को मृत घोषित कर दिया।
वहीं चालक का इलाज जारी है। हादसे की सूचना पर इटावा जिला जज विनय कुमार द्विवेदी, मैनपुरी जिला जज अनिल कुमार सहित काफी संख्या में जज और अधिवक्ता मेडिकल कॉलेज पहुंचे। सैफई क्षेत्राधिकारी नागेंद्र चौबे सहित काफी संख्या में अधिकारी भी पहुंच गए।