कन्नौज के तालग्राम में होली पर्व मनाकर दिल्ली व लुधियाना वापस जा रहे लोगों की कारें एक-एक कर आगरा लखनऊ-एक्सप्रेस वे पर थाना तालग्राम क्षेत्र के तिलकापुर गांव के सामने शनिवार भोर करीब तीन बजे अन्ना मवेशी से टकरा गईं। हादसे में 11 लोग घायल हो गए। सांड़ की मौके पर मौत हो गई। दो घायलों को मेडिकल कालेज तिर्वा भर्ती कराया गया।
हरदोई के सांडी निवासी रजनेश (20) पुत्र राकेश शनिवार की भोर तीन बजे होली पर्व मनाकर कार से दिल्ली वापस जा रहे थे। साथ में दोस्त उमेश (28) पुत्र रघुवीर भी था। तालग्राम के तिलकापुर के सामने एक्सप्रेस-वे पर घूम रहे अन्ना सांड़ से टकराकर कार पलट गई। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
उधर उन्नाव थाना क्षेत्र के अचलगंज पैडरी खुर्द झाऊ खेड़ा निवासी अनिल तिवारी (27) पुत्र राजू तिवारी लुधियाना वर्धमान सब्जी मंडी एलआईसी फ्लैट में रहकर परिवार के साथ फैक्टरी में नौकरी करते हैं। शनिवार को गांव से होली मनाकर अपने भाई हरिओम (28), सुनील (25), राहुल (18), मां निर्मला तिवारी (50) के साथ कार से लुधियाना जा रहे थे।
पलटी कार को बचाने के प्रयास में घायल पड़े अन्ना मवेशी से टकराकर कार डिवाइडर से भिड़ गई। हादसे में मां बेटा समेत पांच लोग मामूली रूप से चुटहिल हो गए। तीसरी कार के चालक बिहार सीवान निवासी रोहित राजन पाठक (28) पुत्र जय गोविंद पाठक दिल्ली जा रहे थे। साथ में परिवार के दीपक राजन (55), सर्वेश पाठक (29), उनके पिता जय गोविंद (60) भी थे।
एक्सप्रेस-वे पर पड़े सांड़ से कार टकराकर डिवाइडर पर जाकर रुकी। हादसे में चारों लोग घायल हो गए। एनसीसी गश्ती टीम के इंचार्ज राजेंद्र सिंह, प्रदीप, उमेश, कैलाश, अजय ने अस्थाई गति अवरोधक लगाकर वाहनों को रोका। अन्ना मवेशी को गाड़ी से लादकर एक्सप्रेस-वे लेन से हटाया। घायलों को यूपीडा एंबुलेंस से सीएचसी व गंभीर रूप से घायल रजनेश, उमेश को मेडिकल कालेज भेजा। सूचना पर बेहटा चौकी के दरोगा मुनेंद्र वीर सिंह भी मौके पर पहुंच गए।