प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर शनिवार की सुबह आधारपुर गांव के सामने तेज रफ्तार कार खड़े कंटेनर से टकरा गई। हादसे में कार सवार रेलवे कर्मी, उनके पिता और दो बेटियों की मौत हो गई, जबकि कार चला रही रेलवेकर्मी की पत्नी शिक्षिका व बेटा घायल हो गए हैं।
झपकी आने से हादसा होने की बात बताई जा रही है। चालक कंटेनर लेकर भाग गया। घायल मां-बेटे का कानपुर में इलाज चल रहा है। मूलरूप से बिंदकी कोतवाली के झावनखेड़ा गांव निवासी कानपुर रेलवे में इलेक्ट्रीशियन अमर सिंह (40) चकेरी में अलौनापुर मोड़, शुकदेव प्रसाद लॉ कॉलेज के पास मकान बनाकर पिता रामकिशोर (65) के साथ रहते थे।
उनकी पत्नी नीलम (37), बेटी अनन्या (12), तन्नो (9) व बेटा अयांश (3) करीब छह साल से प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज क्षेत्र में रह रहे हैं। नीलम रानीगंज के राजकीय इंटर कॉलेज में अध्यापक हैं। हाल ही में उनका तबादला उन्नाव के लिए हुआ है।
शनिवार सुबह पांच-छह बजे के आसपास अमर सिंह और पिता रामकिशोर, रानीगंज से नीलम की गृहस्थी का सामान दो पिकअप में लोड कराकर कानपुर के जा रहे थे। परिवार के सभी लोग कार से कानपुर आ रहे थे।