छावनी में मंगलवार को वार्ड एक से जीतीं पार्षद प्रस्तावना तिवारी के जीत के जश्न में मारपीट हो गई। मामले में प्रस्तावना तिवारी और रनरअप रहीं निर्मला देवी दोनों ने कैंट थाने में एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
बावजूद इसके प्रस्तावना के समर्थन में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने कैंट में सीओ दफ्तर का घेराव कर नारेबाजी की और कार्रवाई की मांग की। सीओ के मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया।
तब भाजपाई शांत हुए। इधर, पार्टी प्रत्याशी प्रस्तावना तिवारी के समर्थक को पीटे जाने की सूचना पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी, महामंत्री सुनील बजाज समेत तमाम नेता एवं कार्यकर्ता सीओ कैंट के दफ्तर पहुंच गए।
छावनी चुनाव के सोमवार को आए परिणाम में वार्ड एक से प्रस्तावना तिवारी सभासद पद के लिए विजयी घोषित हुई थीं। इन्होंने अपनी विरोधी निर्मला देवी को शिकस्त दी थी। चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद प्रस्तावना के समर्थकों ने विजयी जुलूस निकाला था।
जिसमें मारपीट हो गई। मामले में निर्मला के पति रमेश का आरोप है कि जुलूस के दौरान प्रस्तावना समर्थक अश्लील नारे लगाने के साथ ही फब्तियां कस रहे थे। देर रात तक क्षेत्र में लोगों के दरवाजे खुलवा कर मिठाई बांट रहे थे।
कई लोगों को जबरदस्ती मिठाई खिलाई गई। सुबह दोबारा मिठाई खिलाने का सिलसिला प्रस्तावना समर्थकों ने शुरू कर दिया। इस दौरान क्षेत्र में रहने वाले कुंदन सिंह को क्षेत्र की महिलाओं ने पकड़ लिया।
उसे तख्त पर खड़ा करके माफी मांगने को कहा, जिस पर विवाद हो गया। वहीं प्रस्तावना के पति सुमित का कहना है कि रमेश पक्ष के लोग हार के बाद खिसिया गए हैं। इसी वजह से कुंदन को पकड़ लिया। पीटने के बाद उसके कपड़े उतरवाने के बाद तख्त पर खड़ा कर माफी मांगने का दबाव बना रहे थे।