मदर इंडिया पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व लोकसभा क्षेत्र कन्नौज से नामांकन पत्र दाखिल करने वाले प्रत्याशी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को शिकायती पत्र भेजा है। पत्र में नामांकन पत्र निरस्त करने पर सवाल उठाया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नई दिल्ली को भेजी गई शिकायत में मदर इंडिया पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रत्याशी अनुरुद्ध दुबे ने कहा कि नामांकन पत्र के प्रारूप 26 के मद संख्या 6 (क) व मद संख्या (8) की क्रम संख्या तृतीय में भूल के कारण ‘लागू नहीं’ लिखे जाने के कारण नामांकन निरस्त कर दिया गया।
आरोप लगाया कि जिला निर्वाचन अधिकारी ने शिवसेना प्रत्याशी का नामांकन निरस्त नहीं किया, जबकि उसमें भी वही गलती थी, जो कि उनके नामांकन पत्र में थी। यह भी आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों की गाड़ी अंदर तक गई हैं। मांग की, सभी नामांकन पत्रों की दोबारा जांच की जाए और नामांकन पत्र बहाल किया जाए।