तिर्वा (कन्नौज)। राजकीय मेडिकल कॉलेज में कैंसर अस्पताल का संचालन अटका है। रोगियों की जान बचाने के लिए सर्जरी विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टर लगे हुए हैं। दो सालों में सर्जरी विभाग ने 200 से अधिक रोगियों के जटिल कैंसर का सफल ऑपरेशन कर नया जीवन दिया है।
जनरल सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. मोहम्मद अतहर के नेतृत्व में टीम ने 104 स्तन कैंसर और 52 मुख कैंसर के जटिल ऑपरेशन कर रोगियों को राहत दी है। वहीं, विभाग के यूरोलॉजिस्ट डॉ. निखिल गुप्ता ने प्रोस्टेट कैंसर के 26, ब्लैडर कैंसर के 25 और किडनी कैंसर से पीड़ित रोगियों के सफल ऑपरेशन किए हैं। विभाग की इस उपलब्धि में डॉ. निशांत रंजन, डॉ. आकाश वर्मा, डॉ. कौस्तुभ गुप्ता, डॉ. संजय दोसर और डॉ. इमरान अली की टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद डॉक्टरों की टीम लगातार कैंसर मरीजों का इलाज कर रही है। जिससे दूर-दराज के रोगियों को बड़े शहरों की ओर भागना नहीं पड़ रहा। मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग का यह प्रयास क्षेत्र के लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आया है। जहां समर्पण और टीमवर्क के दम पर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को राहत मिल रही है। प्राचार्य डॉ. सीपी पाल ने बताया कि जनरल सर्जरी विभाग द्वारा लगातार उल्लेखनीय काम किया जा रहा है।
कैंसर यूनिट बंद होने के बाद भी कैंसर से पीड़ित रोगियों का सफल ऑपरेशन किया जा रहा है। कहा कि विभाग द्वारा स्तन कैंसर के इलाज को लेकर बेहतर काम किया है। सर्जरी विभाग की इस उपलब्धि से आसपास क्षेत्र के कई मरीजों को राहत मिली है। साथ ही विभाग के यूरोलोजिस्ट द्वारा दी जा रही सुविधाएं उल्लेखनीय हैं। आसपास जनपदों में यूरोलोजी का इलाज नहीं है। मेडिकल कॉलेज में यह सुविधा होने से क्षेत्र समेत आसपास के मरीजों को राहत मिल रही है।