भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के स्टूडेंटों का कैंपस सेलेक्शन एक दिसंबर से होगा। इसके लिए नेशनल, मल्टीनेशनल कंपनियां रजिस्ट्रेशन करा रही हैं। इस बार 300 कंपनियों के आने की उम्मीद है। पहले चरण की सेलेक्शन प्रक्रिया 22 दिसंबर तक चलेगी। कैंपस सेलेक्शन का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। सत्र 2016-17 में करीब 1200 स्टूडेंटों का सेलेक्शन होना है। इन सभी ने प्लेसमेंट रजिस्ट्रेशन करा लिए हैं। अब कम्युनिकेशन स्किल और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट पर फोकस किया जा रहा है। इंटरव्यू की तैयारी कराई जा रही है। फेसबुक, ट्विटर, माइक्रोसाफ्ट, अमेरिकन बैंक, ओरेकल, आईबीएम सहित तमाम कंपनियां रिटेन टेस्ट, इंटरव्यू का डेमो भी दे रही हैं। आईआईटी प्रशासन का कहना है कि कैंपस सेलेक्शन का पहला फेज दिसंबर में खत्म होगा। दूसरा फेज फरवरी से अप्रैल 2017 के बीच चलेगा। इस दौरान 90 फीसदी से ज्यादा स्टूडेंटों को जॉब मिल सकती है।
कंपनियों को देना होगा शपथ पत्र
कंपनियां रिटेन टेस्ट और इंटरव्यू कराकर स्टूडेंटों का सेलेक्शन करें, फिर उन्हें पोस्टिंग दें, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी। हर कंपनी से शपथ पत्र भी लिया जाएगा। आईआईटी प्रशासन का कहना है कि कुछ कंपनियों ने सेलेक्शन के बाद ज्वाइनिंग देने में देरी की थी। इसलिए रजिस्ट्रेशन के दौरान ही सतर्कता बरती जा रही है।