फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चाय पीकर जैसे ही अंदर आया व्यापारी बदमाशों ने सटा दिया तमंचा, फिर जो हुआ उससे दहशत फैल गई

Wed, 23 Jan 2019 04:04 PM IST
शिखा पांडेय क्राइम डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
डेमो पिक
विज्ञापन
भीड़-भाड़ वाले नयागंज में मंगलवार शाम चार बदमाशों ने तमंचे के बल पर किराना दलाल संजय कुमार को ऑफिस में बंधक बना 60 हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों ने संजय कुमार के हाथ-पैर बांधे, मुंह पर टेप लगाया और फिर ऑफिस में बाहर से ताला लगाकर भाग गए। बाद में घटना का पता चलने पर एसएसपी अनंत देव कई थानों की फोर्स के साथ पहुंचे तो नाराज व्यापारियों ने उनका घेराव कर हंगामा किया। एसएसपी की व्यापारियों से तकरार भी हुई। 
विज्ञापन


जनरलगंज निवासी संजय कुमार ने 15 दिन पहले ही नयागंज में श्रीराम मार्केट की दूसरी मंजिल पर ऑफिस किराए पर लिया है। मंगलवार सुबह एक व्यापारी 60 हजार रुपये एडवांस दे गया था। पिट्ठू बैग में रुपये रख दिए थे। शाम करीब चार बजे संजय ऑफिस से बाहर चाय पीने गए थे। करीब 4:15 बजे वह ऑफिस पहुंचे तो तभी पीछे से चार बदमाश भी अंदर घुस गए। एक बदमाश ने मुंह दबा दिया, दूसरे ने कनपटी पर तमंचा सटा दिया।
विज्ञापन

लूट का शिकार व्यापारी
दो बदमाशों ने रस्सी से संजय के हाथ-पैर बांध दिए। मुंह में कपड़ा ठूंस कर टेप लगा दिया। फिर बैग लेकर भाग गए। ऑफिस के दरवाजे पर बाहर से ताला लगा गए। बदमाशों के भागने के बाद संजय ने दरवाजे पर लातें मारीं, भड़भड़ाहट की तो आफिस के आसपास के लोग आए। तब वारदात का पता चला। किराना व्यापार मंडल के अध्यक्ष अवधेश बाजपेई, ज्ञानेश मिश्रा, अतुल द्विवेदी, राकेश राठौर समेत तमाम व्यापारी इकट्ठा हो गए। एसएसपी का घेराव कर हंगामा किया। कलक्टरगंज थाना प्रभारी के मुताबिक लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।

व्यापारियों के बीच चर्चा रही कि बदमाश संजय के ऑफिस से नौ लाख रुपये लूटकर ले गए हैं। संजय ने केवल 60 हजार रुपये लूटे जाने की बात कही है। इसी आधार पर पुलिस भी 60 रुपये लूटे जाने का दावा कर रही है। पुलिस का मानना है कि रेकी के बाद बदमाश रस्सी, टेप साथ लेकर आए थे। बदमाशों को पता था कि संजय को कोई व्यापारी पैसा दे गया है। श्रीराम मार्केट की सीढ़ियों व बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में चारों बदमाशों की तस्वीरें कैद हो गई हैं। चारो बदमाशों ने टोपी लगा रखी थी।

फुटेज धुंधला है। पुलिस फुटेज को साफ करने के लिए लैब भेज रही है। नयागंज स्थित मास्टर प्लाजा के तृतीय तल पर आनंदपुरी, जूही निवासी तंबाकू कारोबारी कुसुम कुमार सेठिया की तंबाकू फर्म से 31 दिसंबर को 50 लाख की चोरी हुई थी। चोर अलमारी और लॉकर तोड़कर रुपये पार कर ले गए थे। पुलिस उस वारदात का खुलासा नहीं कर सकी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें