कानपुर। ट्रक दिलाने के नाम पर कोलकाता के कारोबारी से 5.70 लाख रुपये लेकर धोखाधड़ी के आरोप में रावतपुर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पश्चिम बंगाल कोलकाता स्थित हलतू निवासी 77 वर्षीय दिलीप गुप्ता नीलामी के माध्यम से वाहनों की खरीद-फरोख्त करते हैं। उन्होंने रावतपुर पुलिस को बताया कि रावतपुर निवासी विष्णुकांत मिश्रा और विक्रमादित्य पटेल से उनकी मुलाकात वर्ष 2024 में हुई थी। दोनों ने उन्हें टाटा ट्रक दिलाने का भरोसा दिया।
आरटीजीएस के माध्यम से विक्रमादित्य के खाते में 4.50 लाख रुपये भेज दिए। 31 मई 2024 को 1.20 लाख रुपये टीवीएस कंपनी के खाते में जमा कराए गए। कुल 5.70 लाख रुपये का भुगतान किया। इसके बाद भी दिलीप ने वाहन उनके नाम ट्रांसफर कराया गया और न ही पूरी रकम लौटाई गई। दबाव बनाने पर कुछ रुपये लौटाए। करीब 3.50 लाख रुपये अब भी बकाया हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी है।