कानपुर। पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन ने लखीमपुर खीरी में हुई अंडर-19 फुटबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर तीसरा स्थान हासिल किया है। पहला स्थान आर्मी स्कूल नेहरूनगर लखनऊ और दूसरा डीपीएस कल्याणपुर ने जीता। प्रतियोगिता में प्रदेश के 113 स्कूलों ने हिस्सा लिया था। पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन ने क्वार्टर फाइनल में डीएन स्कूल शिकोहाबाद को हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। सेमीफाइनल में डीपीएस कल्याणपुर के खिलाफ रोमांचक मुकाबला बराबरी पर छूटा। टाईब्रेकर में पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन की टीम 3-2 से हार गई। प्रिंसिपल राकेश उपाध्याय ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
ग्रीनपार्क में होगी ओपन क्रॉस कंट्री दौड़
कानपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को क्षेत्रीय खेल कार्यालय कानपुर मंडल की ओर से ग्रीनपार्क स्टेडियम में ओपन क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता सुबह साढ़े छह बजे होगी, जिसमें पुरुष वर्ग के लिए पांच किलोमीटर और महिला वर्ग के लिए तीन किलोमीटर की दौड़ होगी। पुरुष व महिला दोनों वर्गों में पहले से छठे स्थान तक रहने वाले खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी 15 अगस्त को सुबह छह बजे क्षेत्रीय खेल कार्यालय ग्रीनपार्क स्टेडियम पहुंचकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। यह जानकारी क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी कर्मवीर सिंह ने दी। (संवाद)