कानपुर। नवरात्र से दिवाली तक चलने वाले त्योहारी सीजन में शहर में 5250 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के मुताबिक उत्तर प्रदेश में करीब 1.05 लाख करोड़ और देशभर में सात लाख करोड़ रुपये से अधिक का व्यापार हो सकता है। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने बताया कि व्यापारिक संगठनों से मिले फीडबैक, उपभोक्ता मांग, ग्रामीण व अर्ध-शहरी बाजारों की सक्रियता और स्थानीय उत्पादों की बढ़ती मांग के आधार पर यह अनुमान लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष दिवाली पर करीब 6.05 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था। इस बार इसमें 15 से 18 प्रतिशत वृद्धि की संभावना है। त्योहारी कारोबार में किराना एवं एफएमसीजी की हिस्सेदारी 12 प्रतिशत, सोना-चांदी व आभूषण की 10 प्रतिशत तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इलेक्ट्रिकल्स की आठ प्रतिशत रहने का अनुमान है। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, रेडीमेड कपड़ों और गिफ्ट आइटम की हिस्सेदारी करीब सात-सात प्रतिशत हो सकती है। मिठाई-नमकीन, पूजा सामग्री, फर्नीचर, फुटवियर और होम डेकोर की मांग भी बढ़ने की उम्मीद है।
कैट के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव पंकज अरोड़ा के अनुसार कानपुर के प्रमुख बाजारों में तैयारियां तेज हैं। परिवहन, पर्यटन, होटल, कैटरिंग, सजावट और डिलीवरी जैसी सेवाओं के साथ कारोबार 80 हजार करोड़ से एक लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। वोकल फॉर लोकल और मेड इन इंडिया के बढ़ते रुझान से स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और एमएसएमई को भी लाभ मिलने की संभावना है। (ब्यूरो)