चकरनगर। कस्बा क्षेत्र की सड़कों पर दोनों ओर खड़े बबूल के पेड़ और झाड़ियों ने वाहन सवारों की परेशानी बढ़ा दी है। फूप चौरेला मुख्य मार्ग पर सोनेपुरा से सिरसा तक लगभग 10 किलोमीटर लंबी सड़क के दोनों किनारों पर घनी झाड़ियां उग गईं हैं। इससे वाहन चालकों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बुधवार को सिरसा गांव निवासी मेबाराम यादव (48) गंभीर रूप से घायल हो गया। वह भिंड जा रही बस में परिजनों को बैठाकर लौट रहे थे। टिटावली के पास सामने से वाहन आ गया था। किनारों पर खड़े बबूल के पेड़ से बचने के चक्कर में उनकी मोटर साइकिल सड़क किनारे गड्ढे में चली गयी थी। घायल मेवाराम को परिजन निजी वाहन से जिला अस्पताल ले गए। लोगों का कहना है कि समस्या सिर्फ फूप चौरेला मार्ग तक सीमित नहीं है। ब्लॉक की चौरेला, नींमरी, कार्यावली, अनैठा, लालपुरा और जाजेपुरा मार्गों पर भी यही हालत है। इससे हमेशा दुर्घटना का खतरा रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़कों की सफाई कराकर विलायती बबूल काटे जाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते झाड़ियों को साफ नहीं कराया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। भोया निवासी पप्पू यादव ने बताया कि सोनेपुरा से हनुमंतपुरा तक की सड़क दोनों तरफ से विलायती बबूल से घिर गयी है वाहन आने पर दिखायी नहीं देता है। एक माह पहले चार पहिया वाहन गड्ढे में गिर गया था, जिसमें पांच-छह लोग घायल हो गए थे। बिंडवा खुर्द निवासी शैलेन्द्र राजावत से बताया कि ब्लाॅक की ज्यादातर सड़क पर विलायती बबूल के पेड़ खड़े हैं।