देेर रात खराब हुई बस तो सुबह यात्रियों ने एक्सप्रेस वे कर दिया जाम
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली के आनंद विहार से गोरखपुर जा रही रोडवेज बस लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे पर इटावा के पास सोमवार को खराब हो गई। चालक ने राप्तीनगर डिपो के एआरएम को सूचना देकर दूसरे बस मांगी, मदद के बजाए एआरएम ने अपना मोबाइल बंद कर लिया। यूपीडा कर्मियों ने भी कोई मदद नहीं की।
सुबह तक मदद न मिलने से परेशान यात्रियों ने एक्सप्रेसवे पर जाम लगा दिया। 10 घंटे बाद रोडवेज अधिकारी मौके पर पहुंचे और दूसरे बस मंगाकर यात्रियों को लखनऊ भिजवाया। हंगामे के कारण करीब 30 मिनट एक्सप्रेसवे पर एक तरफ यातायात ठप रहा। राप्तीनगर डिपो की बस आनंद विहार से 40 यात्रियों को लेकर एक्सप्रेसवे के रास्ते से गोरखपुर जा रही थी।
रात करीब 11 बजे चौबिया थाना क्षेत्र के डुढहा गांव के पास बस के नीचे से धुआं निकलता देख यात्री शोर मचाने लगे। इस पर चालक अर्जुन सिंह ने गाड़ी रोक दी। पहिये से धुआं निकलता देख चालक ने मोबाइल से राप्तीनगर डिपो के एआरएम मुकेश को हादसे की सूचना देकर यात्रियों के लिए दूसरी बस मांगी। चालक का आरोप है कि एआरएम मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया।
इसके बाद यूपीडा और पीआरबी को सूचना दी। यूपीडा और पीआरबी कर्मियों ने भी यात्रियों की कोई मदद नहीं की। यूपीडा कर्मियों ने यात्रियों को डीएम इटावा का मोबाइल नंबर भी नहीं बताया। पूरी रात सुनसान रोड पर यात्री भूखे, प्यासे पड़े रहे। महिला यात्री माला देवी और 8 वर्षीय सेम की तबीयत भी बिगड़ गई। परेशान यात्रियों ने सुबह करीब 8:30 बजे एक्सप्रेसवे पर जाम लगा दिया।
सूचना पर करीब आधे घंटे बाद एसओ चौबिया सतीशचंद यादव, यूपीडा कर्मी, रोडवेज के टीसी शांति स्वरूप मौके पार पहुंचे और यात्रियों को सड़क से हटाकर जाम खुलवाया। अधिकारी करीब दो घंटे तक यात्रियों को समझाते रहे। टीएस के दूसरे बस मंगाने के आश्वासन पर यात्रियों ने हंगामा बंद किया। करीब 10:30 बजे दूसरी बस मंगाकर यात्रियों को लखनऊ की ओर रवाना कर दिया गया।