कानपुर देहात। सीएनजी बसों के संचालन की कवायद हो रही है। मंडलायुक्त ने 21 दिनों का नोटिफिकेशन पिछले दिनों जारी किया है। 27 जनवरी को आपत्तियां प्राप्त होने की अंतिम तारीख है। यदि कोई आपत्ति नहीं आई तो फरवरी शुरुआत में सीएनजी बसों के संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
पिछले कई वर्षों से कानपुर शहर से सीएनजी बसों का संचालन अकबरपुर, रूरा, डेरापुर, मूसानगर आदि स्थानों पर हो रहा था। लॉकडाउन में बसें बंद हो गई थी। ग्रामीण क्षेत्र में सीएनजी बसों के संचालन की अनुमति नहीं होने का तर्क देकर यह बसें नहीं चलाई गई। जिले के आयुष त्रिवेदी ने युवाओं के साथ सीएनजी बसों के संचालन की मांग शुरू की थी। हस्ताक्षर अभियान चलाकर मंडलायुक्त को 1298 समर्थन पत्र भेजे थे। मंडलायुक्त राजशेखर ने 6 जनवरी को सड़क एवं परिवहन प्राधिकरण के चेयरमैन के साथ बैठक की थी। ग्रामीण क्षेत्र में सीएनजी बसों के संचालन का प्रस्ताव तैयार किया गया।
शासनादेश के मुताबिक 21 दिनों की नोटिफिकेशन जारी कर आपत्तियां मांगी गई हैं। सीएनजी बसों के संचालन की तस्वीर साफ होगी। नोटिफिकेशन की अवधि 27 जनवरी से पूरी हो रही है। एआरएम सीएनजी राकेश अग्रवाल ने बताया कि मंडलायुक्त की ओर से नोटिफिकेशन जारी किया गया है। तय समय में यदि कोई आपत्ति नहीं आएगी तो चिह्नित ग्रामीण क्षेत्रों में सीएनजी बसों का संचालन किया जाएगा है।