आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर कन्नौज के तिर्वा के पास टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर अचानक पलट गई। बस में सवार करीब 43 लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंचे सीओ एसडीएम ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। छह की हालत चिंताजनक देख डॉक्टरों ने उन्हें कानपुर रेफर कर दिया है।
हरियाणा के बहादुरगढ़ से एक टूरिस्ट बस पर करीब 50 से 60 लोग सवार होकर बिहार जा रहे थे जैसे ही उनकी बस तिर्वा कोतवाली के उमराय पुरवा गांव के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर आई तो बस का पहिया पंचर हो गया। जिस वजह से तेज गति में चल रही बस अचानक अनियंत्रित हो गई। बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
बस के पलटते ही सवारियों में चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे एसडीएम रामदास, सीओ सुबोध कुमार जायसवाल ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हादसे में करीब 43 लोग घायल हुए हैं।