यूपी के फतेहपुर में गाजीपुर थाना क्षेत्र के शाह कस्बे में एक महिला गीली लड़कियों की वजह से जिंदा जल गई। महिला को जलता देख आसपास के लोग दहशत में आ गए थे।
फतेहपुर के शाह कस्बा में गोपालपुर मोड़ झलिया थोक मोहल्ला निवासी देवीचरण मौर्य दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी केशकली (40) बेटे दीपू, सीपू के साथ गांव में रहती थीं। शुक्रवार की दोपहर दोनों बेटे खेत पर चले गए थे। केशकली छत से लकड़ियों का ढेर उठाने गई थी। छत से महज तीन फीट ऊपर गुजरी हाईटेंशन लाइन से गीली लकड़ियां छू गईं। इससे तार से स्पार्किंग हुई और केशकली जलने लगीं। महिला को जलता देख पड़ोसी दौड़कर पहुंचे। फोन कर उपकेंद्र से आपूर्ति बंद कराई। इसी दौरान हादसे की सूचना पर बेटे भी खेत से घर आ पहुंचे।
मां का जला शव देखकर बेटे बेसुध हो गए। सूचना पर एसओ धीरेंद्र सिंह और शाह चौकी इंचार्ज आशीष सिंह पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस से हाईटेंशन लाइन का तार घरों से दूर कराने की मांग की। एसओ ने बिजली विभाग के अधिकारियों से बातचीत की। पुलिस ने ग्रामीणों को तार हटवाने का आश्वासन दिया। ग्रामीण पहले भी तार हटवाने की कई बार विभाग से मांग कर चुके हैं। एसओ ने बताया हाईटेंशन लाइन के तार गांव में कई घरों के ऊपर से गुजरे हैं। उन्होंने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।