कानपुर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां के कुढ़वा गांव में रविवार देर रात बेखौफ चोरों ने दो सगी दुकानों को अपना निशाना बनाया। चोरों ने दुकानों के शटर तोड़कर लाखों रुपये के कीमती सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। शातिर चोर सिगरेट-तंबाकू से लेकर पंखे, मोटर और कंप्रेशर तक जो हाथ लगा, सब समेट ले गए।
जनरल स्टोर का साइड शटर तोड़कर पार किया लाखों का माल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुढ़वा गांव के रहने वाले गोपेश गांव में ही 'वैष्णवी जनरल स्टोर' नाम से परचून की दुकान चलाते हैं। रविवार की रात वह अपनी दुकान बढ़ाकर घर चले गए थे। देर रात पहुंचे शातिर चोरों ने सबसे पहले उनकी दुकान को ही अपना निशाना बनाया। चोरों ने बड़ी चालाकी से दुकान के साइड शटर की लोहे की पट्टी को कटर या रॉड से तोड़ दिया और भीतर दाखिल हो गए।
इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान से पंखे, मोटर और कंप्रेशर भी ले उड़े चोर
परचून की दुकान खंगालने के बाद भी जब चोरों का पेट नहीं भरा, तो उन्होंने ठीक पास में ही स्थित कमलेश कनौजिया की इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर धावा बोल दिया। चोरों ने इस दुकान का भी मुख्य शटर बीच से उखाड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गए।
इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरी नाराजगी जताई है। पीड़ित दुकानदारों और व्यापार मंडल के सदस्यों ने पुलिस अधिकारियों से घटना स्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की पुरजोर मांग की है, ताकि रात में सक्रिय रहने वाले इस गिरोह का सुराग लगाया जा सके।