कानपुर। अब महापौर प्रमिला पांडेय के बेटे अमित पांडेय (बंटी) भी नगर आयुक्त से स्पष्टीकरण मांग रहे हैं। उन्हें एक पत्र और नगर निगम का सीसीटीवी फुटेज भेजते हुए कहा है कि नगर आयुक्त बताएं कि नगर निगम परिसर के शासकीय सीसीटीवी की फुटेज बाहरी व्यक्तियों तक कैसे पहुंची। उन्होंने नगर आयुक्त से स्पष्टीकरण, अभिलेख संरक्षण व निष्पक्ष जांच की मांग की है।
बुधवार को नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें महापौर कार्यालय के गेस्ट रूम में उनके पुत्र अमित पांडेय बंटी व दो अधिवक्ता कुछ पार्षदों के साथ राय-मशविरा करते दिख रहे हैं। पत्र में बंटी ने कहा है कि जो रिकॉर्डिंग केवल सुरक्षा के लिए रखी जाती है, यह किसके हाथों बाहर पहुंची और किस उद्देश्य से इसे सार्वजनिक किया गया, यह जानना जरूरी है। मैं महापौर का पुत्र हूं और यह बात छिपाने की जरूरत नहीं है लेकिन इससे न मुझे कोई विशेष अधिकार मिलता है, न मेरे सामान्य नागरिक अधिकार छिन जाते हैं। किसी भी नागरिक की तरह मुझे अपने वैध कार्य के लिए नगर निगम आने का पूरा अधिकार है और किसी भी नागरिक की तरह मेरी निजता भी संरक्षित है। यदि यह फुटेज किसी वैध प्रक्रिया के तहत दी गई है तो मुझे बस आदेश दिखाया जाए। मामले में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने कोई भी प्रतिक्रिया देने से इन्कार कर दिया है।
-