दो लाख रुपये की खरीद-बिक्री पर पैन अनिवार्यता के विरोध में सर्राफा कारोबारी एकजुट हो गए हैं। उन्होंने सोमवार को बिरहाना रोड स्थित भगतराम जैन ज्वैलरी शोरूम में बैठक कर 10 फरवरी को होने वाली बंदी की स्थानीय स्तर पर रणनीति तैयार की।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे उत्तर प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष रामनाथ महेंद्र ने बताया कि 10 फरवरी की बंदी देशव्यापी है। इसमें ऑल इंडिया जेम्स एंड ज्वैलरी ट्रेड फेडरेशन, आल इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन, यूपी सर्राफा एसोसिएशन, दिल्ली, महाराष्ट्र और गुजरात के सर्राफा कारोबारी शामिल हैं।
एसोसिएशन के मंत्री रामकिशोर मिश्रा ने कहा कि दो लाख तक की खरीद पर पैन अनिवार्यता से सबसे ज्यादा परेशानी ग्रामीण क्षेत्र के खरीदारों को होगी। एक दिन बंदी से यह बताया जाएगा कि सर्राफा कारोबारी थोपा हुआ नियम मानने को तैयार नहीं है। अन्य तरह के विरोध-प्रदर्शन की रणनीति नौ फरवरी को तैयार की जाएगी।
28 को बंद रहेंगे मेडिकल स्टोरलाइसेंस के साथ-साथ नवीनीकरण फीस में बढ़ोतरी के प्रस्ताव के विरोध में 28 फरवरी को यूपी और उत्तराखंड में मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट फेडरेशन उत्तर प्रदेश (सीडीएफ) ने बंदी का समर्थन किया है।
केंद्र सरकार ने दवा की नई दुकान खोलने पर लाइसेंस फीस तीस हजार और पुरानी दुकानों के नवीनीकरण की फीस भी तीस हजार रुपये करने का प्रस्ताव रखा है। प्रस्ताव के विरोध में सरकार पर दबाव बनाने के लिए सीडीएफ यूपी ने 28 फरवरी को दुकानें बंद रखने का आह्वान किया है।
सीडीएफ यूपी के महासचिव सुरेश गुप्ता ने बताया कि लाइसेंस फीस में वृद्धि के प्रस्ताव के खिलाफ 28 फरवरी को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। यूपी सीडीएफ के महासचिव राजेंद्र सैनी ने बताया कि सरकार के सामने हमने आपत्तियां दर्ज करा दी हैं। अभी प्रस्ताव लागू नहीं हुआ है। लिहाजा उनका संगठन बंदी का समर्थन नहीं करेगा।