बजट में रेलवे को मिले हिस्से में कानपुर का हिस्सा तय हो गया है। रेल मंत्रालय को जारी बजट पर रेलवे ने उत्तर मध्य रेलवे के लिए पिंक बुक जारी कर दी है। इससे साफ हो गया है कि किस प्रोजेक्ट में कितने बजट का प्रावधान किया गया है।
इस बार कानपुर से जुड़ने वाले चार प्रमुख प्रोजेक्टों में कुल 1756 करोड़ रुपये का बजट मिला है, जो वर्ष 2021-22 में खर्च होगा। दिल्ली-हावड़ा रूट, लखनऊ-कानपुर रेलमार्ग समेत मिशन रफ्तार के तहत ट्रेनों की गति 160 किमी प्रति घंटा करने के लिए इस साल 1341 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
लखनऊ पौन घंटे, साढ़े तीन घंटे में दिल्ली
मिशन रफ्तार में कानपुर के यात्रियों को दिल्ली और हावड़ा रूट के शहरों को आने जाने में कम समय लगेगा। वहीं इस प्रोजेक्ट में कानपुर-लखनऊ रेलमार्ग के शामिल होने से भी इस रूट पर ट्रेनों की गति बढ़ेगी। 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार होने से कानपुर से लखनऊ पौन घंटा तो दिल्ली पहुंचने में बमुश्किल तीन से साढ़े तीन घंटे लगेंगे। दिल्ली जाने पर भाऊपुर से खुर्जा डीएफसी शुरू हो चुका है। मार्च तक दादरी तक जुड़ने से मालगाड़ियां मेन लाइन पर नहीं चलेंगी।