बहुजन समाज पार्टी ने महानगर लोकसभा क्षेत्र के तीन विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के नाम रविवार को घोषित कर दिए। आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र से मनीष वाजपेयी, सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र से रजनीश तिवारी और किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र से दिलीप वर्मा को प्रत्याशी बनाया गया है। गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र से आरके विश्वकर्मा को पहले ही प्रत्याशी घोषित किया जा चुका है। रविवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री और जोनल कोआर्डिनेटर इंद्रजीत सरोज ने प्रत्याशियों के नाम की सूची जारी की। कैंट विधानसभा के प्रत्याशी की घोषणा अभी नहीं की गई है।
जुही खलवा स्थित शास्त्री पार्क में आयोजित पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में जोनल कोआर्डिनेटर ने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार के कामकाज से जनता कराह रही है। किसान, गरीब मजदूर सभी इस सरकार से छुटकारा पाना चाहते हैं। प्रदेश का हर वर्ग पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहा है। पूर्व कैबिनेट मंत्री ने केंद्र सरकार पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कथनी और करनी को जनता अब समझ चुकी है। कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के दूसरे जोनल कोआर्डिनेटर अशोक सिद्धार्थ ने कहा कि बसपा कार्यकर्ताओं का अब सिर्फ एक लक्ष्य, प्रदेश में बहनजी के नेतृत्व में पार्टी की सरकार लाना है। इससे पूर्व किदवई नगर प्रत्याशी दिलीप वर्मा ने मुख्य अतिथि इंद्रजीत को तलवार भेंट की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आरके भाष्कर ने की। इस मौके पर पूर्व मंत्री अनंत मिश्रा अंटू, जोनल कोआर्डिनेटर रणवीर कश्यप, कोआर्डिनेटर शमसुद्दीन राइन, अनुज कुमार गौतम, अशर्फी लाल संखवार, जितेंद्र बौद्ध, राम बाबू गौतम, संजय गौतम, आरपी कुशवाहा, मनोज, सरोज, गुलशन, राधेश्याम भारती, प्रतिभा शुक्ला, मो. वसीम, हरी कु शवाहा, संजय सोनकर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।