मृतक बीएसएफ जवान रजनीश कुमार शुक्ला का फाइल फोटो।
- फोटो : AKBARPUR
शिवली (कानपुर देहात)। क्षेत्र के बैरी सवाई में छुट्टी पर घर आए बीएसएफ जवान की बीमारी के बाद उपचार के दौरान बुधवार देरशाम मौत हो गई। गुरुवार को शव कानपुर से घर पहुंचा। लेकिन मौके पर प्रशासनिक अफसरों के नहीं पहुंचने से गुस्साए ग्रामीणों ने बैरी-कल्यानपुर रोड जाम कर दिया। जवान के नाम पर पार्क बनाने और प्रतिमा लगवाने की लोग मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे एसडीएम व सीओ के समझाने पर एक घंटे बाद जाम खुल सका। विधायक प्रतिभा शुक्ला ने जवान के परिजनों को घर जाकर सांत्वना दी। बाद में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बैरी सवाई निवासी रजनीश कुमार शुक्ला (36) बीएसएफ में जवान था। पश्चिम बंगाल के किशनगढ़ में तैनाती थी। छुट्टी लेकर पिछले वर्ष 28 दिसंबर को गांव आया था। 31 जनवरी को ड्यूटी पर जाने वाला था। अचानक पेट में तेज दर्द की शिकायत पर परिजनों ने उसे कानपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। आराम मिलने पर जवान घर वापस आ गया था। दो दिन पहले तबीयत बिगड़ने पर उसे कानपुर के रामा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शव लेकर परिजन घर आ गए। गुरुवार की सुबह किसी प्रशासनिक अफसर के नहीं पहुंचने पर गुस्साए ग्रामीण जुट गए और बैरी-कल्यानपुर रोड जाम कर दिया। कोतवाल वीरपाल सिंह तोमर पुलिस बल के साथ पहुंचे। लोग सड़क से नहीं हटे तो कोतवाल ने उच्चाधिकारियों को कराया। कुछ देर में एसडीएम रामशिरोमणि व सीओ रामशरण सिंह पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार का भरोसा दिया। लगभग पौने दस बजे जाम खुल सका। इससे लोग परेशान हुए। बीएसएफ जवान के पार्थिव शरीर पर मां करुणा शुक्ला रोने बिलखने लगी। यहां पत्नी रुचि को दहाड़े मारकर रोता देख बेटी आकांक्षा, मनी व बेटा पार्थ भी फफक पड़े।