यूपी के कानपुर देहात में मूसानगर थाना क्षेत्र के अनंतरामपुर्वा में एक विवाहिता का सिर कुचल कर हत्या कर दी गई। विवाहिता का खून से सना शव चरपाई के पास मिला। ग्रामीणों को जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी। ससुराली जन घर से फरार हो गए। मृतका के पिता ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाकर पति व चार अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। सीओ ने महेंद्रपाल सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष को वारदात का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
घाटमपुर थाना क्षेत्र के मढ़ेपुर निवासी मुक्ताप्रसाद ने बताया कि अपनी पुत्री खुशबू (25) की शादी जून 2012 में मूसानगर थाना क्षेत्र के अनंतरामपुर्वा गांव निवासी बाबूसिंह यादव के पुत्र दीपक उर्फ दीपू से की थी। शादी में सामर्थ्य अनुसार दानदहेज भी दिया था। शादी के के बाद से अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर ससुरालीजन आए दिन प्रताड़ित करने लगे। बताया कि पुत्री के कहने पर दामाद को लोडर खरीद कर दिया था। जिससे वह गांव से दूध लेकर एक डेयरी में सप्लाई करता था। पति दीपक शराब का लती था, जिससे घर में आए दिन झगड़ा होता था। ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार की रात पति-पत्नी व बच्चे घर के पिछवाड़े खुली जगह में सो गए। गुरुवार सुबह देखा गया कि खुशबू का खून से लथपथ शव पड़ा था। घर से ससुराली जन दोनों बच्चे समेत फरार थे।