यूपी के हरदोई जिले में शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में एक युवती की गोली मार कर हत्या कर शव फेंक दिया गया। उसकी पहचान मिटाने के लिए चेहरा जलाने का प्रयास किया। युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शाहाबाद कोतवाली इलाके में आगमपुर जाने वाली रोड पर सुहागपुर गांव की कच्ची सड़क पर एक अज्ञात 20 वर्ष की नवयुवती का शव मिला। जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली गयी। बीचों-बीच कच्ची सड़क पर नीले रंग की एक पॉलिथीन में लिपटे हुए शव को देखकर गांव वालों की ही नहीं बल्कि आसपास के कई गावों की भीड़ मौजूद हो गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नवयुवती का शव बरामद किया।
पहनावे से विवाहिता लगने वाली इस नवयुवती की हत्या गोली मारकर की गयी। हत्या करने के बाद कातिलों ने शिनाख्त मिटाने के लिए चेहरे को भी तेजाब से जलाने का प्रयास किया। अभी तक कोई ऐसा सुराग हाथ नहीं लगा जिससे युवती की शिनाख्त हो पाए।पुलिस और फोरेंसिक टीम फिलहाल मृतका की शिनाख्त कराने में जुटी है। साथ ही पुलिस मौके से वारदात के सबूत जुटाने की कोशिश में लगी हुई है।