उन्नाव में एक युवक ने गांव के कोटेदार के बेटे की इसलिए हत्या कर दी क्योंकि वह उसकी बहन से छेड़खानी करता था। लड़की के भाई को यह बात पसंद नहीं थी। इसलिए उसने युवक को मौत के घाट उतार दिया।
उन्नाव जिले के पाटन में बारासगवर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुई युवक की हत्या का बुधवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। पड़ोस में रहने वाले दोस्त ने बहन पर अपमानजनक टिप्पणी करने से नाराज होकर शराब पिलाकर उसे मार डाला था। बारासगवर थाना क्षेत्र के लालमनखेड़ा निवासी पुष्पेंद्र रविवार शाम सात बजे बाइक से चोट की पट्टी कराने की बात कहकर घर से निकला था। एसओ राजबहादुर के अनुसार हत्या के बाद से पुष्पेंद्र का पड़ोसी गोविंद सिंह लापता था।
विज्ञापन
सर्विलांस की मदद से पुलिस ने जब गोविंद के फोन की कॉल डिटेल खंगाली तो हत्या वाली रात उसकी पुष्पेंद्र से बात होने की पुष्टि हुई। शक के आधार पर पुलिस ने गोविंद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। उसने हत्या की बात कबूल की। बताया कि पुष्पेंद्र ने दोस्ती का गलत फायदा उठाया। वह उसकी बहन पर गलत नजर रखता था। सार्वजनिक जगहों पर वह उसके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करता था और शादी न होने देने की धमकी देता था।
इससे नाराज होकर उसकी हत्या की योजना बनाई। रविवार रात उसे बुलाकर पहले शराब पिलाई फिर कुल्हाड़ी से सिर व चेहरे पर कई वारकर हत्या कर दी। बताया कि हत्या के बाद मृतक का मोबाइल व कुल्हाड़ी नहर में फेंक दिए। पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही पर कुल्हाड़ी, दो मोबाइल नहर से बरामद कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया है।