इटावा। चौबिया क्षेत्र के गांव नगला पाय में चोर सूने घर की कुंडी तोड़कर 10 लाख रुपये के जेवर और करीब 3100 रुपये ले उड़े। हालांकि पुलिस के अनुसार, गहनों की सही जानकारी परिजन नहीं दे सके हैं। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। महिला शनिवार को नगला ऊमरी बाहरपुरा गांव स्थित मायके दवा लेने के लिए गई थी। मंगलवार को टूटा ताला देखकर पड़ोस में रहने वाले ससुर ने फोन करके जानकारी दी।
ज्योति निवासी नगला पाय ने बताया कि वह घर में अकेली रहती है। पड़ोस के घर में सास-ससुर रहते हैं। पति कुलदीप तमिलनाडु की एक हाईवे निर्माण कंपनी में प्लांट ऑपरेटर के पद पर नौकरी करते हैं। बताया कि वह घर में ताला लगाकर शनिवार को भरथना के नगला ऊमरी बाहरपुरा गांव स्थित मायके दवा लेने के लिए गई थीं। वह वहीं रुक गई थीं। इस बीच सोमवार रात चोरों ने मुख्य दरवाजे के कुंडी तोड़कर अंदर कमरे में रखी अलमारी और बक्से से सामान समेट लिया। मंगलवार सुबह ससुर रविंद्र ने फोन करके जानकारी दी। इस पर घर आकर देखा तो अलमारी के लॉकर से चोर एक कंठी 25 ग्राम की, एक जंजीर 22 ग्राम की, चार अंगूठी करीब 14 ग्राम की, एक जोड़ी बृजबाला नौ ग्राम व बच्चों के पहनने के चार ओम वजन दो ग्राम, घर में रखें बक्से से 31 सौ रुपये चुरा ले गए थे। बताया कि लगभग 10 लाख रुपये के जेवर गए हैं। ससुर सुरेंद्र ने बताया कि पुत्र कुलदीप की शादी में जेवर बनवाया था। उसे चोर समेट ले गए हैं। एसओ महेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। 31 सौ रुपये बताए गए हैं। जेवर कितने का गया है यह परिजन स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं। चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।