सड़क हादसे में बहन का तिलक चढ़ा कर लौट रहे भाई की मौत
- फोटो : गूगल
हरदोई में बहन का तिलक चढ़ाकर बुधवार देररात दो मौसेेरे भाइयों संग लौट रहे युवक की बाइक प्रतापनगर-हरदोई मार्ग पर बेकाबू होकर फिसल गई। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि दोनों मौसेरे भाई घायल हो गए। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे, जिससे सिर पर गंभीर चोट आने से एक की मौत हो गई, वहीं दो लोग घायल हो गए।
दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोथावां में भर्ती कराया गया है। बेनीगंज क्षेत्र के ग्राम कैमा निवासी विपिन (32) पुत्र कस्तूरी लाल की बहन अनारकली की शादी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शहब्दापुर में आठ जुलाई को होनी है। विपिन अन्य परिजनों संग बहन का तिलक चढ़ाने शहब्दापुर गया था। रात 11 बजे विपिन बाइक से अपने दो मौसेरे भाइयों संदीप (11) और रंजीत (13) पुत्रगण रामप्रसाद निवासी कैमा के साथ वापस लौट रहा था।
प्रतापनगर-हरदोई मार्ग पर तेज रफ्तार से बाइक चलाते समय अचानक बेकाबू होकर फिसल गई, जिससे तीनों घायल हो गए। पीछे से आ रहे पुलिसकर्मियों ने तीनों को सीएचसी कोथावां पहुंचाया। यहां से विपिन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डाक्टर ने विपिन को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर अन्य परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। घटना से घर में कोहराम मच गया। विपिन लखनऊ में एक प्राइवेट कंपनी में आरओ की फिटिंग का काम करता था। उधर, पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद विपिन के बड़े भाई अखिलेश, छोटे भाई पप्पू ने बताया कि विपिन की शादी भी बाराबंकी में तय हो चुकी थी। वरीक्षा और गोदभराई का कार्यक्रम भी बीते दिनों हो चुका था। शादी की तारीख आठ जुलाई को तय होनी थी, लेकिन उससे पहले ही विपिन की मौत हो गई।
...तो चेकिंग के दौरान बाइक भगाने से हुआ हादसा!
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो विपिन बाइक पर दो लोगों संग बिना हेलमेट के प्रतापनगर चौराहे के पास से निकल रहा था। इस दौरान पुलिस दोपहिया और चौपहिया वाहनों की चेकिंग अभियान चला रही थी। अभियान के दौरान सिपाहियों ने विपिन को बिना हेलमेट और तीन सवारी होने के चलते रुकने का इशारा किया, पर विपिन ने बाइक रोकने की बजाय तेज गति से दौड़ा दी और आगे जाकर हादसे का शिकार हो गया।