कानपुर देहात। प्रत्येक मतदाता के घर जाकर सही जानकारी भरवाएं, जिससे त्रुटि रहित और एक पारदर्शी मतदाता सूची तैयार की जा सके। यह निर्देश निर्वाचन आयोग के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्यों की हकीकत जांचने निकले एसडीएम मैथा ने बूथों पर पहुंच कर बीएलओ से कही।
एसडीएम मैथा राजेश कुमार पांडेय रविवार को बैरी दरियाव, बैरी सवाई, बाघपुर, ककरदही सहित कई बूथों का निरीक्षण कर बीएलओ के कार्यों को देखा। बूथ पर पहुंच कर अब तक फार्म वितरण, फार्म भरने, फार्म के अपलोड किए जाने के साथ ही आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी की। उन्होंने बूथ पर मौजूद बीएलओ व मतदाताओं को एसआईआर के महत्व के बारे में बताया। कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना अनिवार्य है।
पात्र होने के बावजूद नाम छूटने, गलत प्रविष्टि या पते में त्रुटि होने से भविष्य में मतदान का अधिकार प्रभावित हो सकता है। इसलिए इस कार्य में गंभीरता बरते और सजग रहें। उन्होंने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों को निर्देश दिए कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य को हर हाल में पूरा किया जाना चाहिए। प्रशासन ने सभी नागरिकों से इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग करने और अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की है।