कानपुर। ऐतिहासिक नगरी बिठूर में आयोजित होने वाले बिठूर महोत्सव का शुभारंभ 26 फरवरी को भव्य बॉलीवुड नाइट के साथ होगा। पहले ही दिन शाम 7:30 बजे प्रसिद्ध बैंड (यूफोरिया) के साथ गायक डॉ. पलाश सेन मंच पर बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुति देंगे और दर्शकों को संगीत की शानदार शाम का अनुभव कराएंगे। सीडीओ दीक्षा जैन ने कार्यक्रम की पूरी तैयारी कर महोत्सव का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है।
महोत्सव का शुभारंभ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होगा। नृत्य, रंगोली, स्लोगन लेखन और कला प्रतियोगिताएं शामिल रहेंगी। शाम को रणसिंघा वादन से अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। भोपाल से आने वाली टीम कथक प्रस्तुत करेगी। इसके बाद म्यूजिकल बैंड और बॉलीवुड आधारित संगीत कार्यक्रम माहौल को और भी जीवंत बनाएंगे। सीडीओ दीक्षा जैन ने बताया कि बिठूर महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
27 फरवरी को दोपहर में बैटल ऑफ बैंड और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा। शाम को भव्य कवि सम्मेलन आयोजित होगा जिसमें सबीना अदीब, दिनेश बावरा, प्रताप फौजदार, शंभू शिखर और स्वयं श्रीवास्तव जैसे कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। अंतिम दिन शास्त्रीय संगीत और लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां होंगी। बुंदेलखंड का पाई डंडा, ब्रज की होली, राजस्थान का मांड गायन, पंजाब का गतका और ओडिसा का गोटीपुआ नृत्य कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेगा।