चौबेपुर इंस्पेक्टर जगदीश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम सोमवार दोपहर लखनऊ के कृष्णा नगर इंद्रलोक कॉलोनी पहुंची। कृष्णा नगर पुलिस की मदद से मकान नंबर के-528 को सील किया। बाकायदा डुगडुगी भी पीटी गई।
10 साल पहले खरीदी गई थी संपत्ति
इंस्पेक्टर जगदीश ने बताया कि जांच में सामने आया था कि वर्ष 2012 में यह संपत्ति विकास के भाई दीपक दुबे की पत्नी अंजलि दुबे के नाम पर खरीदी गई थी। इसमें विकास दुबे की अवैध कमाई लगी हुई है। पुलिस अब तक गैंगस्टर एक्ट के तहत कुल 16 संपत्तियां जब्त कर चुकी है।
गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज किए गए केस की विवेचना जारी है। जो संपत्तियां चिह्नित की जा रही हैं या जिनका सत्यापन हो गया है, उनको जब्त किया जा रहा है। कुछ और संपत्तियों की जानकारी मिली है। तस्दीक करने के बाद उनको भी जब्त किया जाएगा। - तेज स्वरूप सिंह, एसपी आउटर